दिल्ली। NCR में शुक्रवार की सुबह से ही हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज अचानक बदल दिया है। नोएडा सहित आसपास के इलाकों में गरज के साथ तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है। वहीं बारिश की वजह से एक्यूआई का स्तर पर गिर गया है। यह मौसमी बदलाव अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। नोएडा में सुबह से हो रही बारिश की वजह से लोग परेशान हो रहे हैं। बादलों की तेज गरज के साथ शुरू हुई बारिश, सर्दी भी बढ़ी। सुबह के समय बारिश तेज रही लेकिन अब हल्की बारिश हो रही और बादल भी घिरे हुए हैं। बारिश के साथ सर्द हवाएं भी कर रहीं परेशान। नोएडा में सुबह का अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया। नोएडा में सुबह से हल्की बारिश हो रही थी। लगभग 11 बजे के बाद तेज बारिश हुई। जिसकी वजह से सड़कों पर पानी भर गया। ऑफिस आने वाले लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए। सेक्टर 73 में पानी सड़क किनारे भर गया।
जनवरी का महीना आमतौर पर कड़ाके की ठंड के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार दिन का तापमान सामान्य से काफी ऊपर चल रहा था। शुक्रवार को मौसम में आए इस बदलाव का मुख्य कारण उत्तर भारत पर सक्रिय एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ है। मौसम विभाग ने पहले ही गरज के साथ बौछारें पड़ने की चेतावनी जारी की थी। इस बारिश के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल रही हैं। बारिश के बाद दिन का तापमान गिरकर 19-21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है, वहीं न्यूनतम तापमान भी 6-8 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ जाएगा। इससे ठंड एक बार फिर लौटेगी और सुबह-रात में ठिठुरन बढ़ेगी। पिछले दो दिनों में तापमान सामान्य से लगभग 7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया था। सुबह और रात का तापमान जहां 8-9 डिग्री सेल्सियस था, वहीं दिन का पारा 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इस असामान्य गर्माहट का मुख्य कारण एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ था, जो हिमालय क्षेत्र में सक्रिय तो हुआ, लेकिन मैदानी इलाकों में उसका प्रभाव सीमित रहा।